चलिए, फिर से चलते हैं फुलेरा! आ रहा है 'पंचायत' का सीजन 5

चलिए, फिर से चलते हैं फुलेरा! आ रहा है 'पंचायत' का सीजन 5

फुलेरा... एक ऐसा गांव, जिसने वेब सीरीज की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। 'पंचायत' भारत की सबसे चर्चित वेब सीरीज में से एक है। इस सीरीज ने मनोरंजन की दुनिया को एक नई परिभाषा दी है। इसने बताया है कि भारत के लोग भले ही कितने भी मॉडर्न क्यों न हो जाएं, लेकिन अंदर से वे हिंदुस्तानी ही रहते हैं और उन्हें अपनी जड़ों से प्यार होता है। शायद यही वजह है कि फुलेरा गांव और वहां रहने वाले किरदारों को दर्शकों का इतना प्यार मिल रहा है। यहां उपहार के तौर पर दी जाने वाली लौकी, या कहें कि सचिव जी को अपने गुट में शामिल करने के लिए दी गई लौकी भी चर्चा का विषय बन जाती है। वहीं, इस बात पर भी खूब चर्चा होती है कि केक कितना मुलायम है!

3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी सीरीज

फुलेरा वेब सीरीज का हर किरदार अपने आप में खास है। चाहे वह प्रधान जी हों, उनकी पत्नी मंजू देवी हों या फिर सचिव जी। इन सभी किरदारों ने दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई है। अब इस सीरीज का पांचवां सीजन आने वाला है और इस बार कहानी में कई दिलचस्प बदलाव देखने को मिलेंगे। 'पंचायत' का पांचवां सीजन 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा। इसका ट्रेलर 24 नवंबर को रिलीज कर दिया गया है।

इस बार प्रधान जी की कुर्सी बदल चुकी है। अब वे पूर्व प्रधान बन चुके हैं और विपक्ष में बैठने वाले लोग सत्ता की कुर्सी पर काबिज हो गए हैं। ट्रेलर सामने आते ही दर्शकों के बीच आने वाले एपिसोड्स को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगने लगी हैं। आइए जानते हैं कि इस बार फुलेरा में क्या नया होने वाला है।

क्या सचिव जी कह पाएंगे अपने मन की बात?

सचिव जी को रिंकी से प्यार है, यह बात हम सभी जानते हैं। जब सचिव जी पहली बार गांव आए थे, तब उनका यहां बिल्कुल भी मन नहीं लगता था। लेकिन कहते हैं न कि प्यार इंसान से बहुत कुछ करवा देता है। सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी भी कुछ ऐसी ही है।

इस सीजन में ऐसा लग रहा है कि सचिव जी न केवल अपने प्यार का इजहार करेंगे, बल्कि पूर्व प्रधान जी के सामने उनकी बेटी रिंकी का हाथ मांगने की हिम्मत भी जुटाएंगे। अब देखने वाली बात यह होगी कि उनकी प्रेम कहानी किस मुकाम तक पहुंचती है। क्या प्रधान जी सचिव जी को अपने दामाद के रूप में स्वीकार कर पाएंगे? वैसे प्रधान जी सचिव जी को पसंद तो करते हैं, लेकिन जब बात अपनी बेटी रिंकी की शादी की आती है, तो वे उसके लिए एक अच्छे परिवार और योग्य जीवनसाथी की तलाश में हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या सचिव जी रिंकी के लिए एक अच्छे जीवनसाथी साबित हो पाएंगे?

लगता है भूषण जी के साथ नहीं बनने वाली!

सचिव जी एक सीधे-साधे इंसान हैं और उनका किरदार जितेंद्र कुमार निभा रहे हैं। सीजन 5 में उनके लिए हालात काफी चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं। इसकी वजह है गांव की बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियां। पहले प्रधान जी के साथ सचिव जी की काफी अच्छी बनती थी, लेकिन सत्ता बदलने के बाद अब गांव के नए प्रधान के तेवर भी बदले हुए नजर आ रहे हैं।

इस बार भूषण जी प्रधान की भूमिका में दिखाई देंगे। पिछले सीजन में हमने देखा था कि क्रांति देवी ने मंजू देवी को 73 वोटों से हराकर प्रधान की कुर्सी हासिल की थी। अब जब प्रधान की कुर्सी बदल चुकी है, तो भूषण जी के तेवर भी बदले हुए नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में दिखाया गया है कि बेचारे सचिव जी पंखे तक साफ कर रहे हैं।

अब आगे क्या होगा?

ट्रेलर से संकेत मिल रहे हैं कि नए प्रधान बनने के बाद भूषण जी कई बदलाव करने वाले हैं। लेकिन उनका सबसे पहला निशाना सचिव जी बनते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में आने वाले सीजन में सचिव जी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि फुलेरा की राजनीति और बदलते समीकरणों के बीच सचिव जी कैसे अपना रास्ता निकालते हैं।

इस सीरीज के निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा हैं। ट्रेलर को देखकर लग रहा है कि इस बार कहानी का हुक काफी दिलचस्प होने वाला है। इसके पिछले चार सीजन में प्रधान जी का राज रहा, लेकिन चूंकि यह लोकतंत्र है, इसलिए प्रधान जी की कुर्सी का बदलना, प्रधान के चेहरे का बदल जाना और इसके साथ पैदा होने वाली राजनीतिक ऊहापोह इस सीजन को खास बनाने वाली है। रघुवीर यादव के चेहरे पर इस बार कुर्सी खोने का अफसोस ट्रेलर में साफ नजर आ रहा है। वहीं, मंजू देवी के किरदार में नीना गुप्ता ने जो कमाल की अदाकारी दिखाई है, वह किसी से छिपी नहीं है।

नए कलेवर में फुलेरा की बदली हुई परिस्थितियां इस बार कुछ नया लेकर आएंगी। इस सीरीज ने साबित कर दिया है कि एक आम से गांव की जिंदगी साधारण होते हुए भी कितनी खास हो सकती है। यह सीरीज एंटरटेनमेंट का एक कंप्लीट पैकेज है। इसमें प्यार, राजनीति, गुटबाजी और सहजता, सब कुछ है। शायद यही वजह है कि यह सीरीज भीतर तक मानवीय संवेदनाओं को सहलाती है और हमारे जज्बातों को गुनगुनाती हुई नजर आती है

क्या आप जानना चाहते हैं कि लॉर्ड माउंटबेटन कौन सी मूवी देख रहे थे जब हिंदुस्तान आज़ाद हो रहा था?
क्या आप जानना चाहते हैं कि लॉर्ड माउंटबेटन कौन सी मूवी देख रहे थे जब हिंदुस्तान आज़ाद हो रहा था?

15 अगस्त 1947 हम सब हिंदुस्तानियों के लिए जश्न का दिन है। दो सौ साल की ब्रिटिश सल्तनत की गुलामी की बेड़ियों को तोड़कर आज ही के दिन हिंदुस्तान ने अपनी...

Read More
अलविदा आम, तुम्हारा इंतज़ार रहेगा, अगले मौसम में मिलेंगे
अलविदा आम, तुम्हारा इंतज़ार रहेगा, अगले मौसम में मिलेंगे

आम फलों का राजा है, अलसाई गर्मी की दोपहर का एक साथी। गर्मी के मौसम में जब आता है तो झुलसती हुई गर्मी के साथ अपनी ठंडी मिठास भी लेकर आता है। लेकिन अब...

Read More