जयपुर के 299 साल: गुलाबी शहर के जादू, जायके और मेहमाननवाजी की कहानी

जयपुर के 299 साल: गुलाबी शहर के जादू, जायके और मेहमाननवाजी की कहानी

जयपुर ने अपनी जिंदगी के 299 साल पूरे कर लिए हैं। यानी इस शहर को बने हुए 299 साल हो चुके हैं और अब यह अपने 300वें साल में कदम रख चुका है। एक शहर के तौर पर देखा जाए तो जयपुर का इतिहास बहुत पुराना नहीं है। इसे भारत के अपेक्षाकृत नए शहरों में गिना जाता है। बहुत से लोगों को शायद यह बात पता न हो कि आमेर के महाराजा ने अपने राज्य का विस्तार करने और एक नए शहर को बसाने के उद्देश्य से जयपुर की स्थापना की थी।

जयपुर को बेहद सुनियोजित तरीके से बसाया गया था और इसकी बनावट आज भी मिसाल है। राजा ने बहुत सोच-समझकर इस शहर की योजना तैयार करवाई थी। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों और कारीगरों को आमंत्रित किया गया, ताकि यह शहर केवल बसाया ही न जाए, बल्कि उनकी दूरदर्शी सोच और सपनों को भी हमेशा के लिए दुनिया के सामने रख सके।

आज भी जब आप जयपुर के पुराने शहर में जाते हैं, तो उस दौर की प्लानिंग साफ नजर आती है। यहां की चौड़ी सड़कें, बाजारों की बनावट, बाजारों में बरामदों की मौजूदगी और हर बाजार का अलग-अलग तरह से स्थापित होना इसे खास बनाता है। इसके साथ ही जयपुर का एक रंग है, जो इसकी पहचान बन चुका है और वह है गुलाबी रंग।

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि एक जयपुरवासी होने के मायने क्या हैं?

मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे इस शहर में रहने और इसे करीब से देखने का मौका मिला है। जयपुर के अपने अलग जायके हैं। यहां की हवा में एक अलग ही तरह का रोमांस है। शायद इस शहर की सबसे बड़ी खासियत यही है कि आप इससे कभी बोर नहीं हो सकते। यह बात सिर्फ जयपुरवासी नहीं कहते, बल्कि यहां आने वाले पर्यटक भी महसूस करते हैं।

पुराने और नए का खूबसूरत मेल

जयपुर की बात हो और यहां की ऐतिहासिक इमारतों का जिक्र न हो, ऐसा कैसे हो सकता है! लेकिन इस शहर की खूबसूरती सिर्फ इसकी ऐतिहासिक इमारतों तक सीमित नहीं है। यहां पुराने और नए का जो संयोजन देखने को मिलता है, वह भी बेहद खास है।

इसका एक उदाहरण पुरानी और नई विधानसभा हैं। पुरानी विधानसभा रियासतकालीन इमारत थी, जिसका आजादी के बाद भी विधानसभा के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा। समय के साथ जरूरतें बदलीं और विधानसभा का विस्तार हुआ। इसके बाद नई विधानसभा का निर्माण किया गया। दोनों इमारतों की अपनी अलग पहचान, रंग और डिजाइन है। कहने का मतलब यह है कि जयपुर में पुराने के साथ नए का जो खूबसूरत मेल देखने को मिलता है, वह हर शहर में संभव नहीं होता।

खानपान में भी बदलाव को खुले दिल से अपनाता है जयपुर

स्वाद के मामले में भी आप जयपुर से बहुत कुछ सीख सकते हैं। अगर आप यहां आएंगे तो आपको एहसास होगा कि खाने-पीने और शॉपिंग के मामले में इस शहर में कोई कमी नहीं है। यहां की कचौरी और जलेबी का नाश्ता बेहद मशहूर है। लेकिन आपको यह देखकर हैरानी होगी कि पुराने शहर में गुजराती नाश्ते को भी उसी तरह पसंद किया जा रहा है, जैसे यहां के लोग अपनी पारंपरिक कचौरी और जलेबी को पसंद करते आए हैं।

बड़ी चौपड़ पर मिलने वाला गुजराती प्लेटर इसका एक उदाहरण है। इससे पता चलता है कि जयपुर अपने स्वाद और खानपान को लेकर किसी एक दायरे में बंधा हुआ शहर नहीं है। यहां के लोग नए स्वादों को भी खुले दिल से अपनाते हैं।

ऐसा बिल्कुल नहीं है कि यहां कचौरी पसंद करने वालों की कमी हो गई है। लोग आज भी दाल की कचौरी बड़े चाव से खाते हैं। लेकिन इसके साथ ही नए स्वादों का स्वागत भी करते हैं। करीब 10-15 साल पहले जब हींग की कचौरी कोटा से जयपुर आई, तो लोगों ने इसे भी खूब पसंद किया। पहले यहां मुख्य रूप से दाल की कचौरी का चलन था, लेकिन अब लोग हींग की कचौरी का स्वाद भी उतने ही चाव से लेते हैं।

यही बदलाव को अपनाने की खूबी जयपुर को खास बनाती है। यहां परंपराओं को सहेजने के साथ-साथ नएपन के लिए भी जगह है।

मेहमाननवाजी में भी सबसे आगे है जयपुर

जयपुर एक ऐसा शहर है, जहां के लोगों को अपनी विरासत और अपने शहर के महत्व का एहसास है। आज ग्लोबल लेवल पर इस शहर को पसंद किया जा रहा है। यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। लेकिन जयपुर की पहचान सिर्फ इसके पर्यटन स्थलों से नहीं है, बल्कि यहां के लोगों की मेहमाननवाजी भी इसे खास बनाती है।

जयपुर के लोगों के भीतर मेहमानों के प्रति जो अपनापन और सत्कार का भाव है, वह बनावटी नहीं है। यहां घर आए मेहमानों का भी दिल से स्वागत किया जाता है। उन्हें कभी पराया महसूस नहीं होने दिया जाता। शायद यही वजह है कि यहां आने वाले लोगों को कुछ ही समय में अपनेपन का एहसास होने लगता है।

यह बात सिर्फ पर्यटकों पर ही लागू नहीं होती, बल्कि नौकरी या दूसरे कामों के सिलसिले में जयपुर आकर बसने वाले लोगों को भी यहां एक अपनापन मिलता है। मेरे कई दोस्तों ने मुझे बताया है कि जब वे पहली बार नौकरी के सिलसिले में जयपुर आए थे, तब उन्हें इस शहर में मिले लोगों के व्यवहार और सहयोग ने बहुत प्रभावित किया।

299 साल का जश्न और आगे बढ़ता जयपुर

एक बात हमें हमेशा याद रखनी चाहिए कि जयपुर भले ही अब 299 साल पूरे करके अपने 300वें साल में प्रवेश कर रहा है, लेकिन यह शहर हमेशा से उत्सवों और जश्न का शहर रहा है। जयपुर को उत्सव मनाना पसंद है। पहले यहां पारंपरिक त्योहारों की रौनक देखने को मिलती थी, लेकिन समय के साथ इस शहर ने नए आयोजनों और फेस्टिवल्स को भी अपनाया है।

आज यहां सिग्नेचर वेडिंग्स की भी कोई कमी नहीं है। एक से बढ़कर एक भव्य शादियां इस शहर की पहचान बन चुकी हैं। इसके अलावा जयपुर में कई फिल्मों की शूटिंग भी हुई है। इस तरह यह शहर अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ मनोरंजन और पर्यटन की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है।

लेकिन इन सबके बीच एक बात है, जो आज के समय में सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। हमें अपने इतिहास और अपने राजाओं से एक सीख जरूर लेनी चाहिए। जब इस शहर की स्थापना हुई थी, तब यहां हर धर्म और समुदाय के लोगों का स्वागत किया गया था। जयपुर अपनी गंगा-जमुनी तहजीब के लिए भी जाना जाता है।

हमारे लिए कोई भी त्योहार किसी एक धर्म या संप्रदाय तक सीमित नहीं रहा। हम सभी मिलकर त्योहार मनाते हैं, खुशियां बांटते हैं और एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होते हैं। हमें इस भावना को समझना और आगे बढ़ाना होगा। हालात चाहे जैसे भी हों, हमें एक शहर के तौर पर अपनी इसी पहचान को बनाए रखना है।

जब कोई मेहमान जयपुर आए, तो वह यहां की गंगा-जमुनी तहजीब को देखकर समझ सके कि यह शहर आधुनिक होने के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। यहां के लोग प्यारे हैं और इस शहर में जानने, समझने और सीखने के लिए बहुत कुछ है।

तो आइए, जयपुर के 300वें साल के इस जश्न में शामिल हों। इस बार राजस्थान सरकार भी जयपुर के इस खास पड़ाव को बड़े स्तर पर सेलिब्रेट कर रही है। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि हम भी इस शहर की खूबसूरती और इसकी पहचान को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।

जयपुर की विरासत आगे बढ़ती रहे, इसकी गंगा-जमुनी संस्कृति और समृद्ध परंपराएं हमेशा कायम रहें और यह शहर अपनी आधुनिक सोच के साथ और भी उन्नत होता जाए।

हमारा जयपुर यूं ही आगे बढ़ता रहे!

किस्मत के सहारे पुर्तगाल भी लगी किनारे, राउंड ऑफ 16 में किया क्वालीफाई
किस्मत के सहारे पुर्तगाल भी लगी किनारे, राउंड ऑफ 16 में किया क्वालीफाई

रोनाल्डो को सारथी बनाय हुए पुर्तगाल फीफा वर्ल्डकप 2026 को जीतने के इरादे से खेल रही है और राउंड ऑफ के मुक़ाबले में उसने क्रोएशिया को 2-1 हराकर प्री...

Read More
केप वर्डे से कांटे की टक्कर के बाद अर्जेंटीना टॉप 16 में शामिल
केप वर्डे से कांटे की टक्कर के बाद अर्जेंटीना टॉप 16 में शामिल

केप वर्डे और अर्जेंटीना के मैच को फीफा वर्ल्ड कप के इस सीजन का सबसे दिलचस्प और रोमांचक मुकाबला कहना गलत नहीं होगा। 90 मिनट तक दोनों टीमें 1-1 से...

Read More