जयपुर के बाजारों में शॉपिंग का असली मजा, जूतियों से लेकर लाख की चूड़ियों तक मिलेगा बहुत कुछ

जयपुर के बाजारों में शॉपिंग का असली मजा, जूतियों से लेकर लाख की चूड़ियों तक मिलेगा बहुत कुछ

जयपुर भले ही आपका शहर न हो, लेकिन अगर गुलाबी नगरी आपको पसंद है और आप जयपुर आने का प्लान बना रहे हैं, तो जयपुर की इस सीरीज में आपका स्वागत है। इस सीरीज की पहली कड़ी में हमने आपको जयपुर की तासीर की झलक दिखाई थी। अब इस कड़ी में हम बात कर रहे हैं जयपुर के बाजारों की।

आपको शॉपिंग पसंद हो या नहीं, लेकिन अगर आप जयपुर के इन स्थानीय, मगर ग्लोबल लेवल पर पहचाने जाने वाले बाजारों में चले गए, तो कब और कितनी शॉपिंग कर लेंगे, आपको पता ही नहीं चलेगा। आप भले ही कितने भी बड़े ब्रांड क्यों न पहनते हों, लेकिन जयपुर में मिलने वाली जूतियों, बंधेज की साड़ियों, दुपट्टों, इंडिगो स्कर्ट, रैप-अराउंड स्कर्ट, सांगानेरी बेडशीट और रजाइयों का कोई मुकाबला नहीं है।

तो पता कर लेते हैं बाजारों के बारे में भी

सिल्वर और स्टोन जूलरी, राजस्थानी ब्राइडल साड़ियों और लहरिया साड़ियों के लिए जौहरी बाजार पधारिए। वहीं, अगर आपको राजस्थानी साफे पसंद हैं, तो यहां आप इन साफों को बंधता हुआ भी देख सकते हैं।

आपको पता ही होगा कि यह शहर अपनी गंगा-जमुनी तहजीब के लिए भी जाना जाता है। जयपुर की जामा मस्जिद इसी बाजार में स्थित है। वहीं, हनुमान जी का मंदिर भी आपको इसी बाजार में मिलेगा।

और तो और, अगर शॉपिंग करते हुए थक जाएं और मन थोड़ा पेट पूजा करने का करे, तो लक्ष्मी मिष्ठान्न भंडार के दही बड़े और मिठाइयों का आनंद लेना न भूलिएगा।

आज से करीब तीन सौ साल पहले, जब जयपुर शहर बस रहा था, तब महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय ने इनके पूर्वजों को उनकी विशिष्ट हलवाई कला और पाक-कला के कारण जयपुर लाकर बसाया था। यह भारत की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक मिठाई की दुकानों और होटलों में से एक है। वर्तमान में नौवीं पीढ़ी इस विरासत को संभाल रही है।

देसी घी में बनी यहां की मिठाइयों का जायका कैसा है, यह आप खाकर ही समझ सकते हैं। यहां की पारंपरिक राजस्थानी थाली, घेवर, दूध फेनी, पनीर घेवर, रसमलाई, आलू टिक्की, दही वड़ा और बादाम दूध देश-विदेश के पर्यटकों और मशहूर शेफ, जैसे संजीव कपूर और रणवीर बरार, के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।

अब चलते हैं बापू बाजार में

तो बस, अब पहुंच जाइए बापू बाजार। अगर आप जौहरी बाजार से यहां एंटर कर रहे हैं, तो पहुंचते ही आपको जयपुर की शॉपिंग वाली वह वाइब आ जाएगी, जो आपने कभी रील्स तो कभी यूट्यूब वीडियो में देखी होगी।

यहां आपको वह सब कुछ मिलेगा, जिसे खरीदने के बारे में सोचकर आप आए होंगे। बेशक, आप इसे पढ़ते हुए सोच रहे होंगे कि भई, जमाना अब ऑनलाइन शॉपिंग का है। अब हर जगह हर चीज मिलती है। सच है कि मिलती है, लेकिन सामान से सजे हुए बापू बाजार को देखने का आनंद बहुत अलग है।

यहां आएं, तो लिंक रोड पर आना न भूलें। जयपुरी जूतियां, बैग और कठपुतलियां आपको बहुत पसंद आने वाली हैं।

लाख की गली का भी करिए रुख

आप जयपुर आएं और ऐसा हो ही नहीं सकता कि हवा महल न देखें। हवा महल के आसपास शॉपिंग जरूर करें। यहां आपको बहुत अच्छा एथनिक कलेक्शन मिलने वाला है। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि थोड़ी स्मार्ट तरीके से शॉपिंग करें। यहां आपकी बार्गेनिंग स्किल्स भी काफी काम आने वाली हैं।

वहीं, बड़ी चौपड़ से वॉकिंग डिस्टेंस पर ही आपको लाख की गली मिल जाएगी। इस गली में लाख के सामान की जो वैरायटी मिलेगी, वह आपको कहीं और शायद ही मिले। यहां से सामान एक्सपोर्ट भी होता है। ऐसे में कई दुकानदार आपको सामान कूरियर करने की सुविधा देते हैं।

इससे आपको इस बात का डर भी नहीं रहेगा कि कहीं आपका लाख का सामान टूट न जाए। बस, दुकानदार या कूरियर वाले को पेमेंट करने के बाद कूरियर की रसीद या ट्रैकिंग नंबर जरूर लें, ताकि आप अपने पार्सल को ऑनलाइन ट्रैक कर सकें।

यहां लाख की सिर्फ जूलरी ही नहीं मिलती, बल्कि होम डेकोर के नायाब आइटम भी मिलते हैं।

जूलरी पसंद है, तो नाहरगढ़ रोड जाइए

आर्टिफिशियल जूलरी आजकल लोगों को बहुत पसंद आती है। चाहे वेस्टर्न ड्रेस हो या ट्रेडिशनल ड्रेस, इनके साथ पहनने वाली जूलरी के लिए नाहरगढ़ रोड पर वैरायटी की कोई कमी नहीं है। सबसे बड़ी बात यह है कि आपको बहुत रीजनेबल प्राइस पर यह जूलरी मिलेगी।

यह जगह जयपुर के रेलवे स्टेशन से बस एक किलोमीटर दूर है। इंस्टाग्राम पर आपने राजपूती ड्रेस के साथ पहनी जाने वाली एथनिक राजपूती जूलरी तो देखी ही होगी। आपको यहां वे राजपूती आभूषण भी देखने को मिलेंगे।

वहीं, कुंदन सेट, अमेरिकन डायमंड जूलरी, पोलकी और कुंदन रेप्लिका जूलरी, रानी हार, टेंपल जूलरी, कलीरे और ब्राइडल चूड़ा भी यहां मौजूद हैं।

एथनिक होम डेकोर पसंद है, तो आइए सीकर हाउस

अगर आप घर का नया मेकओवर करने का प्लान कर रहे हैं, तो यकीन मानिए, सीकर हाउस आपके एथनिक टेस्ट को क्रेजी कर देने के लिए काफी है। यहां आपको सांगानेरी प्रिंट के कॉटन के पर्दे, रनर, रोटी कवर और डाइनिंग टेबल की ऐसी एक्सेसरीज मिलने वाली हैं, जिनके बारे में आप सोच भी नहीं सकते।

यहां आपको सामान बहुत रीजनेबल प्राइस में मिलेगा। वहीं, आप यहां से भी सामान कूरियर के जरिए अपने एड्रेस तक पहुंचवा सकते हैं। यह जगह जयपुर के रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन के पास है।

सांगानेरी और बगरू प्रिंट से आपको प्यार है, तो यह जगह आपके लिए है। होम फर्निशिंग और कपड़े का यह होलसेल मार्केट है। यहां से भी सामान बड़े पैमाने पर एक्सपोर्ट होता है। ऐसे में आप अपने शहर तक सामान कूरियर करवा सकते हैं।

सबसे बड़ी बात यह है कि यहां की क्वालिटी और प्राइस, दोनों ही आपको बहुत पसंद आएंगे। यहां के कॉटन के कर्टेन आपके घर का लुक ही बदल देंगे। आपका घर भी इंस्टाग्राम की रील्स में दिखने वाले घरों जैसी वाइब देने लगेगा।

सांगानेर और बगरू भी जाएं

अगर आप थोड़ा लंबा प्लान बनाकर जयपुर आए हैं, तो जयपुर शहर से थोड़ा दूर बगरू गांव और सांगानेर जाकर भी शॉपिंग कर सकते हैं। ये जगहें टूरिस्ट शॉपिंग और ब्लॉक प्रिंटिंग के लिए बेहतरीन हैं।

सांगानेर जयपुर से 30 किलोमीटर दूर है, वहीं बगरू 33 किलोमीटर दूर है। आज ये दोनों प्रिंट्स इंटरनेशनल टेक्सटाइल की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान रखते हैं।

नो डाउट, आपको यहां शॉपिंग का बहुत आनंद आने वाला है। लेकिन यहां आकर आप सिर्फ शॉपिंग ही नहीं करेंगे, बल्कि लाइव वर्कशॉप के जरिए इन प्रिंट्स की पूरी प्रक्रिया को भी समझ पाएंगे।

तो चलिए, बना लीजिए जयपुर का एक स्मार्ट-सा शॉपिंग प्लान। अब अगली कड़ी में आपके लिए जयपुर से संबंधित कुछ और भी खास रहने वाला है। वह क्या है, यह आपके लिए इस बार सरप्राइज रहेगा।

पेरेंटिंग: सुधा मूर्ति की ये पेरेंटिंग टिप्स आपके बच्चों को जीवन के लिए तैयार करेंगी
पेरेंटिंग: सुधा मूर्ति की ये पेरेंटिंग टिप्स आपके बच्चों को जीवन के लिए तैयार करेंगी

दोनों पेरेंट वर्किंग हों या एक घर पर रहकर जिम्मेदारी निभाता हो, मगर बच्चों को जीवन में अच्छी सीख देने की जिम्मेदारी दोनों की होती है। आज के भागदौड़...

Read More
'सिंघम अगेन' में अजय देवगन के साथ दिखाई देंगे सलमान खान
'सिंघम अगेन' में अजय देवगन के साथ दिखाई देंगे सलमान खान

अजय देवगन और रोहित शेट्टी की 'सिंघम अगेन' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस कॉप यूनिवर्स फिल्म में अजय देवगन के अलावा दीपिका पादुकोण,...

Read More