रोमांटिक हीरो से लेकर एक्शन अवतार तक सलमान खान इन किरदारों के ज़रिए दर्शकों का सालों से मनोरंजन करते आ रहे हैं। सलमान फिलहाल आने वाली फ़िल्म ‘सिकंदर’ के प्रमोशंस की वजह से चर्चा में छाए हुए हैं। फ़िल्म ईद के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है। फ़िल्म की एडवांस बुकिंग की वजह से इसकी सफलता के बारे में अभी से ही मेकर्स निश्चिंत हैं। यहां तक सलमान खान को अपने फैंस पर इतना भरोसा है कि उन्हें लगता है फ़िल्म सौ करोड़ के क्लब में ज़रूर शामिल होगी। सलमान के फैंस उनके प्रति जितना समर्पित हैं, उसी तरह भाईजान भी अपने फैंस को कभी निराश नहीं करते हैं। वे ज़्यादातर ईद के मौके पर फैंस के लिए मनोरंजन से भरपूर ईदी ज़रूर लेकर आते हैं। सलमान भले ही ‘सिकंदर’ फ़िल्म आज कर रहे हैं, लेकिन वो अपने फैंस के दिलों पर राज करने वाले सिकंदर सालों पहले ही बन चुके हैं। आखिर किन वजहों से सलमान सालों से फैंस के दिलों पर राज कर रहे हैं?
परिवार को अहमियत देना जोड़ता है आम लोगों से
आज जहां परिवार का मतलब ज़्यादातर लोगों के लिए सिर्फ अपनी बीवी-बच्चे तक ही सीमित रह जाता है, सलमान उन लोगों में से हैं जो अपने पूरे परिवार को साथ जोड़े रहते हैं। उनका परिवार के प्रति प्रेम जगज़ाहिर है। भाई-बहन हों या उनके बच्चे, सभी के साथ सलमान का बॉन्ड देखते ही बनता है। हाल ही में सलीम खान की डॉक्यूमेंट्री के इवेंट के दौरान एक वीडियो ने फैंस के दिलों को छू लिया था। उस पूरे इवेंट के दौरान सलमान अपने पिता के पीछे खड़े रहे। जिसे देख लोग कहते नज़र आए कि पिता के सम्मान में पूरा समय खड़े रहने वाला बेटा आज के दौर में मुश्किल से मिलेगा। यही नहीं, सलमान का उनकी मां के प्रति प्यार और सम्मान भी जगज़ाहिर है। यहां तक कि वे दूसरी मां हेलेन को भी उतना ही प्यार और सम्मान देते हैं। जिसकी वजह से उनके फैंस उन्हें सर आंखों पर बिठाते हैं।
रिश्तों को निभाना
सलमान खान अपने परिवार ही नहीं, जीवन के हर रिश्ते को पूरे दिल से निभाने की कोशिश करते हैं। दोस्त हों या साथ काम करने वाले कलाकार – जिससे सलमान रिश्ता बनाते हैं, उसे दिलो-जान से निभाते हैं। हाल ही में शरमन जोशी ने एक इंटरव्यू में बताया कि वे सलमान से किसी इवेंट के दौरान मिले। उन्होंने भाईजान से काम के लिए मदद मांगी। लंबे समय से शरमन के पास कोई प्रोजेक्ट नहीं है। सलमान ने उन्हें तुरंत फ़िल्म दिला दी। बस एक रिश्ता है जो उनके जीवन में ज़्यादा समय तक टिक नहीं पाता – गर्लफ्रेंड कहें, साथी कहें या कोई और नाम, इस एक रिश्ते के मामले में भाईजान अनलकी हैं। बावजूद इसके, अपने जीवन में आई ज़्यादातर महिलाओं का साथ वे उनसे अलग होने के बाद भी देते रहे हैं। उन्हें सम्मान देने के साथ जब भी उन्हें ज़रूरत पड़े वे साथ नज़र आते हैं।
उनकी निडरता बनाती है असली हीरो
सलमान खान को सालों से जान से मारने की धमकियां मिलती रही हैं। कुछ समय पहले उनके घर पर फायरिंग कर उन्हें डराने की भी कोशिश की गई। जिसके बाद उन्हें प्रशासन की तरफ से सिक्योरिटी दी गई। उस समय उनके परिवार के साथ-साथ फैंस भी काफ़ी डरे हुए थे। बावजूद इसके सलमान ने अपने काम पर कोई असर नहीं पड़ने दिया। चाहे बिग बॉस हो या फ़िल्म की शूटिंग या कोई इवेंट – वे सभी जगह बेख़ौफ़ नज़र आए। अब हाल ही में उन्होंने ‘सिकंदर’ के प्रमोशन के दौरान कहा कि अल्लाह-भगवान ने जितनी लंबी उम्र दी है उतनी जिऊंगा। उनकी ये बात साबित करती है कि वो बिना डरे जीने वालों में से हैं। उनकी यही बात उन्हें असल ज़िंदगी का सिकंदर बनाती है।
उनकी दरियादिली फैंस के दिलों में बनाती है जगह
सलमान खान की चैरिटी से जुड़ी बातें अक्सर सुनने में आती रही हैं। चाहे वो इंडस्ट्री के लोग हों या आम लोग, सलमान मदद के लिए तैयार रहते हैं। आपको बता दें कि सलमान अपनी कमाई का सिर्फ़ 10 प्रतिशत ही खुद के लिए रखते हैं। उन्होंने एक साक्षात्कार के दौरान बताया था कि अपनी कमाई का 10 प्रतिशत वे इस्तेमाल करते हैं। काफ़ी बड़ा हिस्सा चैरिटी के काम में जाता है। यही नहीं, सलमान ने अपनी एक फैन को बोन मैरो भी डोनेट किया था। इसके अलावा सलमान की फाउंडेशन ‘बीइंग ह्यूमन’ के ज़रिए एजुकेशन और मेडिकल के लिए मदद का काम किया जाता है।