जयपुर वालों चलो, आज अपने ही शहर को एक टूरिस्ट की तरह घूमकर देख लो

जयपुर वालों चलो, आज अपने ही शहर को एक टूरिस्ट की तरह घूमकर देख लो

वो कहते हैं ना, कभी-कभी ऐसा होता है कि लगता है कि शायद ऊपर वाले ने हमारे लिए कुछ स्पेशल प्लानिंग कर रखी है। तो आज की प्लानिंग शायद घूमने को लेकर है। दोस्तों, आज संडे का दिन है और तारीख है 27 सितंबर। अब भई, महीने और तारीख तो आते-जाते रहते हैं, लेकिन आज का दिन यानी 27 सितंबर वर्ल्ड टूरिज्म डे के तौर पर सेलिब्रेट किया जाता है। जयपुर चूंकि टूरिज्म सिटी है, ऐसे में इस शहर का यह सेलिब्रेशन भी अपने आप में खास रहने वाला है।

यहां आज हेरिटेज वॉक तो होगी ही, साथ ही जयपुर के प्रसिद्ध किले-महलों को आज आप बिना किसी टिकट के फ्री में देख सकते हैं। राजस्थान में 27 सितंबर को संरक्षित स्मारकों और संग्रहालयों में भारतीय और विदेशी पर्यटकों के लिए नि:शुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है।

तो आप भी बना लीजिए प्रोग्राम

राजस्थान टूरिज्म डिपार्टमेंट और पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग ने इसके लिए आदेश भी जारी किए हैं। जहां आप हवामहल, नाहरगढ़ किला, आमेर महल, सिसोदिया रानी बाग, विद्याधर बाग, जंतर-मंतर और अल्बर्ट हॉल जैसी जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं।

इनमें ऐसे बहुत से स्थान हैं, जहां टिकट 25 रुपए से शुरू होकर 300 रुपए तक है। राजस्थान सरकार की ओर से हर साल टूरिज्म डे पर यह व्यवस्था रहती है। इसके पीछे सरकार का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ऐतिहासिक धरोहरों से लोगों का जुड़ाव बनाए रखना भी है। स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटक भी इस व्यवस्था का लाभ उठा सकते हैं।

बच्चों को भी जोड़िए

अक्सर देखा जाता है कि पर्यटक आकर इन किलों और महलों को बहुत अच्छे से एक्सप्लोर करते हैं। अगर आप गौर करेंगे तो आमेर का किला और जंतर-मंतर हेरिटेज साइट हैं, तो वहीं जयगढ़ में दुनिया की सबसे बड़ी पहिए वाली तोपों में शामिल जयवाण रखी है। चाहे कोई भी हेरिटेज साइट हो, उसकी कोई न कोई विशिष्टता जरूर है। सरगासूली को ही देख लें। अगर आप उस पर चढ़ेंगे तो आपको पता चलेगा कि शहर के 360 डिग्री व्यू के मायने क्या हैं। वहीं अगर आप नेचर लवर हैं और थोड़ा रिलैक्स करना चाहते हैं तो सिसोदिया रानी का बाग आपका दिन बना सकता है।

तो बस देर किस बात की? छुट्टी का दिन है। निकल जाइए अपने परिवार के साथ अपने ही शहर को एक्सप्लोर करने। अपने बच्चों को भी दिखाइए अपना शहर। उन्हें भी तो पता चले कि हेरिटेज जयपुर शहर के मायने क्या हैं। जयपुर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों में आमेर, जंतर-मंतर, हवा महल और नाहरगढ़ जैसे स्थान शामिल हैं।

खुद बताइए, कब गए थे ममी को देखने?

हम सभी लोग जो जयपुरवासी हैं, जानते हैं कि हमारे शहर में बहुत कुछ है जानने और समझने के लिए। अल्बर्ट हॉल को ही देख लें। यहां ऐसा बहुत कुछ है, जो आपके साथ-साथ आपके परिवार को भी पसंद आने वाला है। अब ममी को ही देख लें। तूतू नाम की यह ममी एक महिला की है, जो मिस्र के प्राचीन शहर पानोपोलिस के अखमीन क्षेत्र से थी। यह एक पुजारी परिवार से आती थी। माना जाता है कि यह लगभग 2300 साल पुरानी है। यह 18वीं सदी में भारत आई थी। इसे सन 1887 में मिस्र के काहिरा संग्रहालय से जयपुर के शासक द्वारा यहां मंगाया गया था। आज भी यह ममी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। अब आप सोचिए कि बिना मिस्र जाए ही आप ममी को देख सकते हैं।

कई बार हमें कुछ जानने के लिए बहुत दूर जाने की जरूरत नहीं होती। बस एक नए नजरिए के साथ खुद को और अपने शहर को जानने की जरूरत होती है।

घूमिए सर जी, बहुत जरूरी है

जीवन में कभी-कभी बहुत बड़े-बड़े प्लान कामयाब नहीं हो पाते। कई बार कुछ छोटी चीजें और छोटे प्लान ही खुद को रिचार्ज करने के लिए काफी होते हैं। आज भी कुछ ऐसा ही प्लान बना लीजिए।

माना कि संडे रिलैक्सिंग डे होता है, लेकिन आज वर्ल्ड टूरिज्म डे पर अपने ही शहर को घूमिए। जब आप इन हेरिटेज साइट्स को एक्सप्लोर करेंगे तो आपको पता चलेगा कि आखिर जयपुर में ऐसा क्या जादू है कि डोमेस्टिक के साथ-साथ इंटरनेशनल टूरिस्ट भी यहां बार-बार आना पसंद करता है।

तो चलिए, आज अपने ही शहर के मोहपाश में बंधकर देखते हैं। सच है कि कुछ तो बात है इस शहर में।

इस तरह के और लेख पढ़ने के लिए हमारी केटेगरी "सिटी जस्ट" पर क्लिक करें।

सर, मैं अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता हूं, लेकिन सर मैं वैलेंटाइन डे नहीं मना पाता
सर, मैं अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता हूं, लेकिन सर मैं वैलेंटाइन डे नहीं मना पाता

अमूमन शादीशुदा कपल्स एक दूसरे को प्यार करते हैं, लेकिन इज़हार के मामले में अक्सर पति हमेशा पीछे रह जाते हैं। ऐसे ही एक पति का वैलेंटाइन डे पर किस्सा...

Read More
‘द डिप्लोमैट’ में दुश्मन देश में फंसी लड़की को बचाने का ज़िम्मा उठाएंगे जॉन अब्राहम
‘द डिप्लोमैट’ में दुश्मन देश में फंसी लड़की को बचाने का ज़िम्मा उठाएंगे जॉन अब्राहम

बॉलीवुड में कई एक्टर्स ऐसे हैं जो अपनी दम पर आगे बढ़ने का प्रयास करते आ रहे हैं। उन्हीं में से एक हैं जॉन अब्राहम। मॉडलिंग से एक्टिंग में आए जॉन...

Read More