हम सभी जानते हैं कि महिलाओं के स्त्रीत्व का जश्न मार्च महीने में मनाया जाता है। 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस होता है। वहीं, पुरुषों के पुरुषार्थ और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए हर साल 19 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस यानी इंटरनेशनल मेंस डे मनाया जाता है।
तो इस मेंस डे पर आइए, अपने आसपास रहने वाले उन पुरुषों से कुछ ऐसी बातें कहें, जिन्हें सुनने के वे सच में अधिकारी हैं। उन्हें बताएं कि हमारी जिंदगी में उनका क्या योगदान है। यह सच है कि पुरुषों की जिंदगी भी इतनी आसान नहीं होती। उन्हें भी महिलाओं की तरह अपनत्व, प्यार और भावनात्मक सहारे की जरूरत होती है। एक समाज के तौर पर अब जरूरत है कि हम उनके प्रति भी संवेदनशील बनें।
इमोशनल होना मना है!
भावनाएं पुरुष और महिला, दोनों के अंदर होती हैं, लेकिन भावनाओं को व्यक्त करने की आजादी महिलाओं को अपेक्षाकृत अधिक मिलती है। महिलाओं की भीगी पलकें उनकी भावुकता की निशानी मानी जाती हैं। वहीं, हमारा समाज ऐसा है, जिसने आंसुओं पर से भी पुरुषों का अधिकार छीन लिया है। कितनी अजीब बात है कि किसी भी परिस्थिति में पुरुष का रोना एक तरह से वर्जित माना जाता है। आप खुद सोचिए, क्या पुरुष के पास मन नहीं होता? क्या उसे दुख नहीं होता? क्या उसे किसी बात से तकलीफ नहीं पहुंचती?
वो हुनर तो समाज ने ही सिखाया है
पुरुषों को समाज के ताने-बाने ने इस तरह अभ्यस्त कर दिया है कि वे अपनी भावनाओं को दबाने का हुनर सीख गए हैं। और फिर समाज की दोहरी मार देखिए कि जब अपनी भावनाओं को दबाने वाला पुरुष खुद को ठीक से अभिव्यक्त नहीं कर पाता, तो समाज ही उसे इनसेंसिटिव यानी असंवेदनशील कहने लगता है।
आप खुद सोचिए, जब पुरुषों पर भावनाएं जाहिर न करने का दबाव हमने ही बनाया है, तो फिर उनके अपनी भावनाएं व्यक्त न कर पाने के लिए उन्हें दोषी कैसे ठहराया जा सकता है?
पैसे कमाना और घर चलाना पुरुष की जिम्मेदारी है!
अक्सर महिलाओं को लगता है कि पुरुषों के हिस्से में अपेक्षाकृत आसान जिंदगी आती है, लेकिन ऐसा नहीं है। एक महिला के तौर पर आपका आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना या न होना आपकी व्यक्तिगत पसंद हो सकती है, लेकिन पुरुषों के मामले में समाज ने इस पसंद की गुंजाइश बहुत कम छोड़ी है। उनसे उम्मीद की जाती है कि वे कमाएं, घर चलाएं और परिवार की जरूरतों को पूरा करें।
घर को बनाने और चलाने के लिए वे भी कई बार संघर्ष करते हैं। अपनी कमाई परिवार पर खर्च करके उन्हें खुशी मिलती है। घर में बच्चों को अच्छा मोबाइल दिलाना हो या उनके लिए ब्रांडेड कपड़े खरीदने हों, उनकी प्राथमिकता अक्सर परिवार की खुशियां होती हैं। कई बार सबसे आखिर में उनके अपने कपड़ों की बारी आती है। जब बात अपनी कमाई को खुद पर खर्च करने की आती है, तो वे अपनी जेब काट लेते हैं। यह बात वे किसी को बताते भी नहीं। कितनी बड़ी बात है कि वे अपने छोटे-छोटे त्याग का बखान करना भी जरूरी नहीं समझते। बस, अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए जिंदगी जीते रहते हैं।
वो नहीं बता पाते अपने संघर्ष की कहानी
क्या आपने कभी किसी पुरुष को अपने संघर्ष की दास्तां सुनाते सुना है? पुरुषों की एक अच्छी आदत यह भी होती है कि वे अक्सर वर्तमान में जीना पसंद करते हैं। वे यह नहीं बताते कि घर का लोन चुकाने के लिए उन्होंने कितने संघर्ष किए, कभी उनके पास कितनी कम जोड़ियां कपड़े हुआ करती थीं या अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने कितनी बार समझौते किए।
उनके भीतर भी बहुत सी उमंगें होती हैं। वे जब अपनी पुरानी बातें साझा करते हैं, तो अक्सर उनके पास बचपन की चटकीली और रसीली कहानियां होती हैं। दोस्तों के साथ की गई शरारतें होती हैं, हंसी-मजाक के किस्से होते हैं। शायद वे अपने संघर्षों को पीछे छोड़कर जिंदगी के खुशनुमा पलों को याद करना ज्यादा पसंद करते हैं।
तो बस, अगर हम महिलाएं चाहती हैं कि हमें समझा जाए, हमारी भावनाओं और संघर्षों को महसूस किया जाए, तो एक महिला के तौर पर हमारी भी जिम्मेदारी है कि हम पुरुषों को समझने की कोशिश करें। उनका जीवन भी कई चुनौतियों से भरा होता है। उन्हें भी भावनात्मक सहारे, प्यार और अपनत्व की जरूरत होती है।
जरूरत है तो बस एक-दूसरे का साथ देने की, एक-दूसरे की अनकही बातों को समझने की और बिना कहे भी भावनाओं को महसूस करने की। क्योंकि रिश्ते तभी खूबसूरत बनते हैं, जब उनमें सिर्फ समझे जाने की नहीं, बल्कि एक-दूसरे को समझने की भी कोशिश हो।
हैप्पी इंटरनेशनल मेंस डे!



