इस समय अगर भारत में बात की जाए जो सबसे बड़ी चीज़ चल रही है वो है महाकुंभ। भोले-भाले मासूम धार्मिक लोग इस समय बहुत परेशान होकर अपनी जान की परवाह ना करते हुए भी अपने छोटे बच्चों और महिलाओं के साथ महाकुंभ पहुंच रहे हैं। यह वो आम लोग हैं जिन्हें कोई वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं मिल रहा। अपने कम संसाधनों के बावजूद भी गंगा मां में डुबकी लगाने आ रहे हैं। वहीं राजनीति से परे हम बात करें तो इस समय लोग चाहे किसी भी धर्म के हों यह प्रार्थना कर रहे हैं कि भई अब कुंभ में कोई हादसा ना हो। लेकिन लेकिन लेकिन इंटरनेट पर कुछ लोगों ने इस पर्व में भी अपनी उस गंदी नज़र का इस्तेमाल कर लिया है। महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाती महिलाओं के कुछ लोगों ने गुप्त तरीके से कुछ विशेष अंगों पर फोकस करते हुए खींचे हैं और अब वो फोटो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। इससे भी बढ़कर हैरानी की बात है कि कुछ फोटो और विडियो बेचे भी जा रहे हैं।
क्या शर्म आना ही बंद हो गई
हैरानी से ज्यादा कितनी शर्म की बात है उन लोगों के लिए जो इस मौके पर भी अपनी गंदी मानसिकता को प्रदर्शित करना नहीं भूल रहे। हम चाहे किसी भी धर्म या समुदाय से क्यों ना जुड़े हों लेकिन यह महिलाएं महाकुंभ में डुबकी लगा रही हैं। कम से कम इस जगह पर तो आप अपनी गंदी मानसिकता को छोड़ दीजिए। जिन लोगों ने यह फोटो खींचे हैं विडियो बनाए हैं जाहिर है कि वो भी प्रयागराज में ही उपस्थित होंगे। लेकिन इस मौके पर भी इन लोगों को यह सभी कुछ क्या सूझ गया। सच में ऐसा लगता है कि लोगों के अंदर शर्म बची ही नहीं है।
पुराने भी हैं विडियो
इंडिया टुडे की जानकारी के अनुसार ऐसा नहीं है कि यह सभी विडियो महाकुंभ के ही हैं। कुछ विडियो पुराने भी हैं लेकिन इन्हें महाकुंभ का ही कहकर भुनाया जा रहा है। असल में कुछ लोगों ने महिलाओं के नहाने और कपड़े बदलने के गुप्त वीडियो का डेटा बैंक तैयार किया है। महाकुंभ के मौके पर इस तरह के वीडियो को सोशल मीडिया से टेलीग्राम तक पहुंचाया जा रहा है, जहां इन्हें पैसों के बदले बेचा जा रहा है। इंडिया टुडे ने इस संदर्भ में पड़ताल की है। इस पड़ताल में पता चला कि कुछ टेलीग्राम चैनल्स ऐसे हैं जो सीक्रेट ग्रुप्स के जरिये महिलाओं के स्नान और कपड़े बदलने के वीडियो बेच रहे थे।
कुछ तो सोचें
आप जो कोई भी हैं इस मौके पर इस तरह की विडियो बनाने और इंटरनेट पर उसे खरीद-फरोख्त करने से पहले एक बार सोचें कि आप कर क्या रहे हैं। हमारे भारत की संस्कृति तो यह नहीं है। आप कैसे इस मौके पर महिलाओं की कपड़े बदलने और नहाने की तस्वीरें ले रहे हैं? सुनते हैं कि महाकुंभ में शामिल होने से पाप धुल जाते हैं। फिर आप क्यों इस मौके पर ऐसा कर रहे हैं जिससे कि इंसानियत शर्मसार हो जाए।
लेकिन सभी ऐसे नहीं हैं
एक ओर जहां ऑनलाइन दुनिया में ऐसा गंदा और घिनौना काम कुछ गंदे लोग कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे में भी हैं जो इंसानियत की मिसाल पेश कर रहे हैं। हम सभी जानते हैं कि जब कुंभ में भगदड़ मची थी तो कैसे इंसानियत ने प्रयागराज में सांस ली थी। कैसे लोगों ने अपने घर और धर्मशालाएं खुले दिल से खोल दी थीं। रही बात गंगा नदी की। यह तो हम सभी हिंदुस्तानियों की मां है। ऐसे में हम सभी जो किसी भी समुदाय या धर्म से जुड़े हों याद रखना चाहिए कि हमें कुछ ऐसा नहीं करना जो हमारी गंगा मां को बुरा लगे। रही बात विडियो बनाकर पैसे कमाने की तो एक ही बात कहूंगी कि पैसे कमाने के बहुत से जरिए आपको मिल जाएंगे। लेकिन वो रास्ता ना चुनें जिससे कल आप ही को पछतावा हो।