अगर आपको भी लगता है कि बुढ़ापे में कौन बनेगा सहारा, तो बैंक में जमा कर लीजिए समय। यह बात एकदम सोलह आने सच है कि जमाना बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस वक्त के साथ हम सभी बहुत तेजी से भागते चले जा रहे हैं। लेकिन इस भागते हुए वक्त में जब हम रुककर स्वयं के बारे में सोचते हैं तो हमें लगता है कि आज भी जब किसी के पास किसी के लिए समय नहीं है। लोग फोन कर हाल-चाल पूछ लेते हैं। कोई किसी के घर ना जाना चाहता है और ना ही किसी को अपने घर बुलाना चाहता है। ऐसे में आने वाले समय में होगा क्या आखिर... ऐसा ना हो कि हम बुढ़ापे में बिल्कुल अकेले ही पड़ जाएं। हमें कोई पूछने वाला ही ना हो।
लेकिन जनाब अगर आप भी इस चिंता में घुले जा रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी है कि आप अपने समय को बैंक में जमा कर सकते हैं। आपको लग रहा होगा कि भई अब तो सोना-चांदी, घर के कागजात और नकदी ही बैंक में जमा होती है। भला समय को भी कोई कैसे बैंक में जाकर जमा कर सकता है। तो यह सच है कि आप टाइम बैंक में जाकर भारत में रह रहे बुज़ुर्ग लोगों की मदद कर, उन्हें समय देकर अपने बुढ़ापे के लिए समय को जमा कर सकते हैं।
तो क्या है कॉन्सेप्ट
अब ज्यादा सस्पेंस ना रखते हुए इस नए-नवेले कॉन्सेप्ट के बारे में बता ही देते हैं। जयपुर में कोविड के समय में टाइम बैंक ऑफ इंडिया वेबसाइट को बनाया गया है। इसके तहत अगर आप अपने इलाके के बुजुर्ग लोगों के छोटे-मोटे काम करते हैं, जैसे उन्हें अस्पताल ले जाना, दवाई, फल और रोजमर्रा की छोटी-मोटी चीजें लाना, तो आपने जो समय उन्हें दिया है वो इस बैंक में जमा हो जाता है। आपको इस बैंक में रजिस्ट्रेशन करवाना होता है। आने-जाने का खर्च या तो बुजुर्ग खुद वहन करते हैं या फिर यह बैंक करता है। जो भी इंसान सेवा करता है उसके खाते में समय जुड़ता जाता है।
कहां है हेल्पिंग यूनिट
जयपुर से शुरू हुआ यह बैंक अपने पंख फैला रहा है। बहुत सी राज्य सरकारें भी इसके साथ काम कर रही हैं। यह बुजुर्गों के जीवन को सरल करने का एक असरदार तरीका है। भारत में अब संयुक्त परिवार टूट रहे हैं। बहुत से ऐसे भी बुजुर्ग हैं जिनके बच्चे विदेशों में रह रहे हैं और वे अकेलेपन की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में उनके लिए यह टाइम बैंक एक राहत के तौर पर सामने आया है। इस बैंक की हेल्पिंग यूनिट ग्वालियर, आगरा, पुणे, हैदराबाद, केरल और चंडीगढ़ में खुल चुकी हैं। अगर हम विदेशों की बात करें तो इस कॉन्सेप्ट पर वहां काफी समय से काम हो रहा है। ब्रिटेन, जापान, स्पेन, न्यूज़ीलैंड और ग्रीस जैसे देशों में यह बैंक लंबे समय से अच्छा कार्य कर रहे हैं।
तो आप भी करिए सेवा
तो बस अपने बुढ़ापे के बारे में चिंता छोड़िए, जितना भी आपको समय मिले मन से बुजुर्गों की सेवा करिए। आपको कैसे जुड़ना है, क्या करना है इसके बारे में गूगल सर्च करिए। वैसे भी बुजुर्गों की सेवा करने से बैंक में आपका समय तो जमा होगा ही। वहीं आपको बुजुर्गों की दुआएं भी मिलेंगी। यह दुआएं आपके जीवन को सहज और सरल बनाने में आपकी मदद करेंगी। तो चलिए चलते हैं टाइम बैंक और जमा कर लेते हैं अपने लिए समय। आपकी आसानी के लिए हम वेबसाइट का पता आपको यहां नीचे दे रहे हैं।
इस तरह के और लेख पढ़ने के लिए हमारी केटेगरी "एडिटर्स चॉइस" पर क्लिक करें।



