आजकल हम सभी फिटनेस फ्रीक हो चुके हैं। खाने की बात करें, तो अब हम सिर्फ स्वाद के लिए खाना नहीं खाते, बल्कि अपनी थाली में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, मिनरल्स, आयरन और विटामिन भी तलाशते हैं। यह अच्छी बात है कि हम अपनी सेहत को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हुए हैं। वहीं, कुछ लोग फिटनेस को लेकर इतने जुनूनी हैं कि उनकी जिंदगी का हर खास मौका भी इसी के इर्द-गिर्द घूमता है।
अब जरा सोचिए कि अगर किसी फिटनेस फ्रीक इंसान की शादी हो, तो उसके मेन्यू में चीट मील की कितनी गुंजाइश होगी! जी हां, जयपुर में हाल ही में हुई एक ऐसी ही अनोखी शादी ने लोगों को हैरान कर दिया। इस शादी में कोल्ड ड्रिंक और दूसरी चटपटी चीजों के बजाय फिटनेस को खास तवज्जोह दी गई। शादी का हर छोटा-बड़ा हिस्सा दूल्हा-दुल्हन की पसंद को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था। तो आखिर क्या खास था इस शादी में? आइए जानते हैं। इस शादी के फोटो और विडियो देखकर समझ में आ रहा है कि यह भी बेशक एक सिग्नेचर वेडिंग थी। बस इसमें वैभवता के साथ फिटनेस का भी एक तड़का था।
दुल्हन तो भाई WWE की फैन है!
इस शादी की दुल्हन सिर्फ फिटनेस फ्रीक ही नहीं, बल्कि WWE की भी बड़ी फैन हैं। ऐसे में उनकी पसंद का खास ध्यान रखते हुए शादी के स्टेज को WWE रिंग की थीम पर सजाया गया था। यही नहीं, दुल्हन की मेहंदी भी बेहद खास थी। उन्होंने अपनी मेहंदी में प्रोटीन शेक की तस्वीर भी बनवाई थी।
इसके अलावा मेहंदी के डिजाइन में कुछ ऐसे संदेश और वादे भी शामिल किए गए थे, जिनसे दूल्हे को यह समझ आ गया कि अगर उन्हें अपनी दुल्हन के साथ बेहतर तालमेल बैठाना है, तो जिम जाना, खेलना और उनकी फिटनेस से जुड़ी पसंद को भी अपनाना होगा। एक तरह से देखा जाए, तो यह शादी दोनों की पसंद और आपसी समझ की खूबसूरत झलक थी।
कौन है यह कपल?
इस अनोखी शादी की बात करें, तो दुल्हन अनुश्री और दूल्हे विजय भाटिया हैं। अनुश्री सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं और फिटनेस से जुड़े कंटेंट बनाती हैं। उनकी फिटनेस के प्रति दीवानगी उनकी शादी में भी साफ नजर आई। वहीं दूल्हे के बारे में कुछ ज्यादा जानकारी नहीं मिली है।
अनुश्री ने अपनी शादी में भारत के मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर गौरव तनेजा को भी आमंत्रित किया था। गौरव तनेजा सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं और उनके करीब तीन मिलियन फॉलोअर्स हैं। उन्होंने ही इस शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरें सामने आते ही यह अनोखी शादी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
इंगेजमेंट में भी दिखा था पर्सनल टच
इस शादी को देखकर एक बात तो समझ आती है कि शादी इंसान को अपनी पसंद और अपने अंदाज के अनुसार करनी चाहिए। यह शादी पूरी तरह पर्सनलाइज्ड थी। अगर सोशल मीडिया पर इस कपल की इंगेजमेंट की तस्वीरें और वीडियो देखें, तो उनमें भी उनका खास अंदाज नजर आता है। इंगेजमेंट के एक वीडियो में अनुश्री केक काटते समय WWE सुपरस्टार जॉन सीना का सिग्नेचर स्टाइल अपनाती नजर आती हैं। इतना ही नहीं, केक कटिंग के दौरान कोई बॉलीवुड गाना नहीं बज रहा था, बल्कि जॉन सीना की रिंग में एंट्री के दौरान बजने वाला मशहूर म्यूजिक सुनाई दे रहा था।
कुल मिलाकर, यह शादी इस बात की मिसाल है कि शादी को यादगार बनाने के लिए जरूरी नहीं कि आप पारंपरिक तरीकों को ही अपनाएं। अगर उसमें आपकी अपनी पसंद, शौक और जिंदगी से जुड़ी छोटी-छोटी बातें शामिल हों, तो वह और भी खास बन सकती है।
यह बदलते जमाने की सुगबुगाहट है
वैसे तो हम सभी लोग फिटनेस के प्रति जागरुक हो चुके हैं। वास्तव में यह अपने आप में बहुत अच्छी बात है लेकिन आज भी शादियों के मैन्यू में वो सभी कुछ मौजूद होता है जो कि सेहत के लिए अच्छा नहीं है। ऐसे में अक्सर लोग शादियों में ही अपनी डाइट को ब्रेक करते हुए नजर आते हैं। लोग खूब मीठा और कोल्ड ड्रिंक लेते हैं। लेकिन जयपुर में अपनी तरह की इस अलग फिटनेस स्पेशल शादी ने आने वाले समय की सुगबुगाहट को भी बता दिया। अब लगता है कि शादियों में भी डाइट स्पेशल मैन्यू तैयार होंगे। प्रोटीन शेक तो शायद अब स्टॉलस पर जल्द ही मिलने वाला है।
Unique Wedding



