आज से दस-बीस साल पहले शादी में तलाक का होना बहुत कम सुनने को मिलता था। लोग शादी करते थे और उसे निभाने की पूरी कोशिश करते थे। लेकिन अब साधारण भारतीय परिवारों में भी तलाक की खबरें आम हो गई हैं। इसी के साथ शादी को खत्म करने के लिए लड़की का एल्यूमनी के तौर पर मोटी रकम लेना भी कुछ चलन-सा हो गया है। लेकिन बिग बॉस कंटेस्टेंट माही विज के बिग बॉस में इमोशनल ब्रेकडाउन ने बता दिया कि तलाक के बाद जीवन में हर लड़की के लिए एल्यूमनी मैटर नहीं करती।
तो क्या है मामला
बिग बॉस में कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आ रही माही विज टेलीविजन की दुनिया में वह नाम है, जो अपने अभिनय से ज्यादा अपने कामों को लेकर चर्चा में रहती हैं। वे और उनके पूर्व पति जय भानुशाली ने अपने हाउस हेल्प के बच्चों को बिल्कुल अपने बच्चों के जैसा रखा है। उन्हें वे बहुत अच्छे स्कूल में भेजते हैं। कुछ समय पहले ही जय और माही ने अपनी 14 साल की शादी को खत्म किया है। लेकिन अच्छी बात है कि माही ने जय से अलग होने पर कोई एल्यूमनी नहीं ली। बिग बॉस में अपने इमोशनल ब्रेकडाउन में उन्होंने कहा कि उनसे जज ने चार बार बोला था कि तुम ले लो एल्यूमनी, लेकिन मैंने इनकार कर दिया। मैं नहीं ले सकती क्योंकि मैंने जय को बहुत मेहनत करते हुए देखा था। वह पैसा उसका है, उसने बहुत मेहनत से कमाया है।
सम्मान जरूरी है
जय और माही की एक प्यारी-सी बेटी तारा भी है। तारा अब माही के साथ रहती है, लेकिन पिता होने की जिम्मेदारी जय आज भी निभाते हैं। दोनों ने ही इस रिश्ते को खत्म करने के दौरान बहुत समझदारी दिखाई। माही ने हमेशा कहा है कि जय मेरी बेटी का एक बहुत अच्छा पिता है। वह मेरी बेटी का बहुत ध्यान रखता है। हम दोनों अलग रहते हैं, लेकिन इसका कतई यह मतलब नहीं है कि वह एक बुरा आदमी है।
जय का जवाब भी सुन लीजिए
जय ने माही के इस इमोशनल ब्रेकडाउन का जवाब बहुत खूबसूरती से दिया है। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा है कि माही, पैसा मेरे और आपके बीच में कभी मैटर ही नहीं करता। मेरी जिम्मेदारी आपके और तारा के लिए हमेशा रहेगी। आप मजबूत रहो। हम दोनों जानते हैं कि मुश्किल समय में हम हमेशा एक-दूसरे के साथ रहेंगे। शादी का रिश्ता (मैरिटल स्टेटस) आप दोनों के लिए मेरे प्यार और सम्मान को कभी नहीं बदल सकता। मैं हमेशा आपके साथ हूं।
यह सीखने वाली बात है
यह सच है कि अगर दो लोगों की आपस में नहीं बन रही, तो साथ रहकर रिश्ते को निभाना कोई जरूरी नहीं है। लेकिन अलग होने के बाद एक-दूसरे का सम्मान बनाए रखना इतना मुश्किल भी नहीं होता। हर कपल को, जो अलग होना चाहता है या हो रहा है, उसे यह सीखना चाहिए कि तलाक के बाद भी रिश्ते में कड़वाहट की जरूरत नहीं होती। वहीं माही ने बता दिया कि सिंगल मॉम होने के मायने क्या हैं। वे अपने दम पर अपनी जिंदगी जीना चाहती हैं। अपनी बेटी को पालना चाहती हैं। लेकिन सबसे जरूरी बात, जो उनसे सीखी जा सकती है, वह है पॉजिटिविटी।
बेहद मजबूत इरादे
माही एक बेहद मजबूत इरादों वाली महिला हैं। साल 2009 में नकुशा सीरियल में मेन किरदार निभाने वाली माही की एक्टिंग का जलवा तो उस सीरियल में दिखाई दिया था। असली जिंदगी में वह एक बेहद मस्त जीवन जीने वाली महिला हैं। वह जिंदगी को अपनी शर्तों पर जीती हैं। कभी वह अपनी हाउस हेल्प के गांव जाकर वेकेशंस मनाती नजर आएंगी, तो कभी एक टिपिकल इंडियन मां की तरह तारा को डांटती हुई। हाँ, एक और बात, एल्यूमनी न लेकर उन्होंने साबित कर दिया कि वह रिश्ते को निभाने वाली महिला हैं। पैसे उनके लिए मैटर नहीं करते।



