अगर आप भी उनमें से हैं जिन्हें गुलाबी होंठ पसंद हैं लेकिन रोजमर्रा लिपस्टिक लगाना नहीं है तो आप लिप ऑयल का इस्तेमाल कर सकती हैं। यह आपके होंठों को हाइड्रेटेड रखने के साथ उन्हें एक अच्छी चमक भी देता है।
वैसे भी आज के वक्त की बात करें तो फिलहाल सेलिब्रिटी में मिनिमल मेकअप लुक का एक ट्रेंड चल रहा है। हममें से बहुत से लोग ऐसे हैं जिन्हें मेकअप करना अच्छा नहीं लगता है। मेकअप करने से अपने चेहरे पर एक भारीपन लगता है। लेकिन मुख्य परेशानी होंठों के साथ आती है। अक्सर महिलाओं के होंठों की त्वचा में एक फीकापन होता है। वहीं अगर महिलाएं स्मोकिंग करती हैं तो उनके होंठों की त्वचा कुछ जली-जली सी नजर आती है। ऐसे में न चाहते हुए भी लिपस्टिक की एक परत से इन होंठों को ढकना होता है। लेकिन अगर आप भी अपने होंठों के लिए लिपस्टिक से इतर कुछ विकल्प ढूंढ रही हैं तो आपके लिए लिप ऑयल एक बेहतरीन विकल्प के तौर पर मौजूद है। यह आपके होंठों को एक चमक तो देता ही है वहीं उन्हें एक खूबसूरत सा रंग का टिंट भी देता है।
लिप ग्लॉस से बेहतर
अगर हम लिप ऑयल की बात करें तो लिप ग्लॉस लगाकर हमें अपने होंठों पर थोड़ी चिपचिपी सी फीलिंग होती है। ऐसे में बहुत सी महिलाओं को इरिटेशन होती है। यह लिप बाम से थोड़े हैवी लेकिन लिप ग्लॉस के मुकाबले हल्के होते हैं। अक्सर यह नेचुरल ऑयल से बनते हैं, ऐसे में इनके साइड इफेक्ट दूसरे लिप कॉस्मैटिक्स से अपेक्षाकृत कम होते हैं। इन्हें लगाने से होंठों में चमक आती है साथ ही यह होंठों को हील और हाइड्रेट करने का भी काम करते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इनमें हायल्यूरोनिक एसिड, प्लांट ड्राइव ऑयल और विटामिन ई पाया जाता है।
अगर हैं होंठ पतले
बहुत सी महिलाओं के साथ समस्या होती है पतले होंठों की। अगर आपके होंठ भी बहुत पतले हैं तो आप ऐसे ऑयल का इस्तेमाल कर सकती हैं जिनमें पल्पिंग क्षमता ज्यादा हो। आप पिपरमेंट ऑयल, सिनेमन और पेप्टाइड का इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे आपके होंठों का एक उठाव मिलेगा। इसके अलावा वे लोग जो लिपस्टिक लगाने में माहिर नहीं हैं, वे भी इसे आराम से लगा सकते हैं। इसके साथ इसका एक एप्लीकेटर आता है जिसकी मदद से आप इसे बिना किसी परेशानी के लगा सकते हैं।
ऑफिस के लिए परफेक्ट
अब कॉरपोरेट का जमाना है। ऐसे में आप अपने सिंपल लुक के लिए लिप ऑयल का इस्तेमाल कर सकती हैं। इन्हें लगाने में आपका सुबह का समय भी बहुत ज्यादा खर्च नहीं होगा। इसे आप आसानी से कुछ सेकंड में ही लगा सकती हैं। इसके अलावा अगर आपको लिपस्टिक पर कुछ एक्स्ट्रा शाइन चाहिए तो भी आप इसका इस्तेमाल कर सकती हैं। यह लेयरिंग के लिए परफेक्ट है।
फेस ऑयल्स के बाद
पिछले दो-तीन सालों में फेस ऑयल का ट्रेंड बहुत तेजी से सामने आया है। बहुत से लोग अपने रेगुलर मॉइश्चराइजर में एक्स्ट्रा ग्लो के लिए रोज़ ऑयल या जोजोबा ऑयल का इस्तेमाल करने लगे हैं। इसकी वजह है कि इन ऑयल्स को लगाने के बाद चेहरे पर एक कुदरती चमक आती है। इसी कड़ी में अब लिप ऑयल्स को भी पसंद किया जा रहा है। लिपस्टिक होंठों को बेशक खूबसूरत रखती है लेकिन कैमिकल्स होने की वजह से यह होंठों की नाजुक त्वचा के लिए अनुकूल नहीं है। यही वजह है कि लोग लिप ऑयल को पसंद करने लगे हैं।
आप घर में भी बना सकती हैं लिप ऑयल
वैसे तो कई बड़ी कॉस्मैटिक कंपनीज के लिप ऑयल बाजार में आसानी से उपलब्ध हैं। लेकिन अगर आप चाहें तो घर में बहुत कम बजट में लिप ऑयल बना सकती हैं। इसके लिए दो चम्मच बादाम का तेल और नारियल के तेल का पाउडर लें। इसमें एक चम्मच कोको बटर पाउडर मिक्स कर लें। इन्हें गैस पर गर्म करें। इन्हें एक छोटी कांच की बोतल में भरें। आपका लिप ऑयल तैयार है। अगर आप इसमें कुछ रंग भी चाहती हैं तो इसमें एक बूंद रेड फूड कलर की भी शामिल कर लें। यह हल्का सा रंग आपके लिप ऑयल की खूबसूरती को बढ़ा देगा।